गाजियाबाद। राष्ट्रीय राजधानी से सटे उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। खोड़ा थाना क्षेत्र की लोकप्रिय विहार कॉलोनी में एक व्यक्ति ने घरेलू विवाद के चलते अपनी पत्नी और नाबालिग बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी, जबकि इसी हमले में दूसरी बेटी भी गंभीर रूप से घायल हो गई। देर रात हुई खौफनाक वारदात पुलिस के मुताबिक शुक्रवार रात करीब 12 बजकर 15 मिनट पर खोड़ा थाने को सूचना मिली कि लोकप्रिय विहार की गली नंबर तीन में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और बेटी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। मूल रूप से बिहार का रहने वाला था आरोपी जांच में सामने आया कि आरोपी का नाम राजा अंसारी है, जो मूल रूप से बिहार के अररिया जिले का रहने वाला है और कॉलोनी की एक इमारत की चौथी मंजिल पर अपनी पत्नी बीबी तबस्सुम और दो बेटियों सना तबस्सुम (15) व रूबी तबस्सुम (14) के साथ रहता था। अस्पताल में दो की हुई मौत, एक की हालत गंभीर घटना में गंभीर रूप से घायल तीनों पीड़ितों को शनिवार तड़के करीब 3 बजकर 2 मिनट पर एंबुलेंस के जरिए जिला एमएमजी अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद 40 वर्षीय बीबी तबस्सुम और उनकी बड़ी बेटी सना तबस्सुम को मृत घोषित कर दिया। वहीं छोटी बेटी रूबी तबस्सुम का इलाज अस्पताल में जारी है, और डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। भागने की कोशिश में बची छोटी बेटी की जान पुलिस के मुताबिक हमले के दौरान छोटी बेटी रूबी ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाने की कोशिश की, जिसके चलते वह गंभीर रूप से घायल तो हुई, लेकिन जानलेवा वार से किसी हद तक खुद को बचा पाई। घरेलू विवाद को बताया जा रहा वजह पुलिस का कहना है कि यह वारदात पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चल रहे घरेलू विवाद का नतीजा प्रतीत हो रही है। हालांकि विवाद की सटीक वजह जानने के लिए पुलिस आगे की जांच कर रही है। आरोपी गिरफ्तार सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी राजा अंसारी को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि वह घटना के बाद खून से सने कपड़ों में ही घर के बाहर बैठा मिला। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।