उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC), प्रयागराज ने सहायक प्रोफेसर भर्ती 2026 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती के जरिए उत्तर प्रदेश के सरकारी सहायता प्राप्त गैर-सरकारी सह-शिक्षा और महिला कॉलेजों में कुल 1,936 सहायक प्रोफेसर पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। योग्यता उम्मीदवार के पास इनमें से कोई एक योग्यता होनी चाहिए: विकल्प-1: किसी मान्यता प्राप्त भारतीय या विदेशी विश्वविद्यालय से संबंधित विषय में कम से कम 55% अंकों के साथ पोस्टग्रेजुएट (स्नातकोत्तर) डिग्री हो। नेट, स्लेट या सेट परीक्षा पास करें। विकल्प-2: यदि उम्मीदवार के पास पीएचडी डिग्री है, तो उसे नेट/स्लेट/सेट पास करने की जरूरत नहीं होगी। इसके लिए निम्न शर्तें पूरी करनी होंगी: पीएचडी नियमित (Regular) मोड से की गई हो। पीएचडी थीसिस का मूल्यांकन कम से कम दो बाहरी परीक्षकों ने किया हो। ओपन वाइवा (मौखिक परीक्षा) आयोजित हुई हो। पीएचडी से जुड़े दो शोध पत्र (Research Papers) प्रकाशित किए हों, जिनमें से कम से कम एक रेफरीड जर्नल में प्रकाशित हो। यूजीसी, एआईसीटीई, आईसीएसएसआर या सीएसआईआर द्वारा प्रायोजित/वित्तपोषित सेमिनार या कॉन्फ्रेंस में कम से कम दो शोध पत्र प्रस्तुत किए हों। आयु सीमा: उम्र की बात करें तो 1 जुलाई 2026 को उम्मीदवार की अधिकतम उम्र 62 वर्ष होनी चाहिए। कितना लगेगा आवेदन शुल्क? यूपीईएसएससी सहायक प्रोफेसर भर्ती 2026 के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को अपनी श्रेणी के अनुसार शुल्क देना होगा। अनारक्षित, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 2,000 रुपये, एससी और एसटी वर्ग के लिए 1,500 रुपये, जबकि दिव्यांग (PwBD) उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 1,000 रुपये निर्धारित किया गया है।