17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ब्लॉक और तहसील स्तर पर आयोजित होंगे विशेष शिविर; रूफटॉप सोलर, सब्सिडी और लोन से जुड़ी तमाम जानकारी एक ही स्थान पर मिलेगी। स्वच्छ ऊर्जा और बिजली बिलों में राहत देने की अनूठी पहल प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का दायरा बढ़ाने और अधिक से अधिक लोगों को सौर ऊर्जा से जोड़ने के लिए मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी एक बड़ा अभियान शुरू करने जा रही है। इसके तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक पूरे एक महीने का विशेष 'सेवा सेतु कैंप' आयोजित किया जाएगा। इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य ब्लॉक और तहसील स्तर पर आम नागरिकों को योजना की स्पष्ट जानकारी और त्वरित सहायता प्रदान करना है। 'सेवा सेतु कैंप' में मिलेंगी यह प्रमुख सुविधाएं एक ही स्थान पर पूरी प्रक्रिया: उपभोक्ताओं को रूफटॉप सोलर लगाने के नियम, ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया और राज्य व केंद्र सरकार की ओर से मिलने वाली सब्सिडी/प्रोत्साहन राशि की पूरी जानकारी दी जाएगी। मौके पर वेंडर्स से सीधा संवाद: शिविरों में पंजीकृत सोलर वेंडर्स भी मौजूद रहेंगे। इससे इच्छुक नागरिक सोलर पैनल की कुल लागत, इसके प्रकार, स्थापना की प्रक्रिया और उपलब्ध विकल्पों को सीधे समझ सकेंगे। बैंक लोन और जिज्ञासाओं का समाधान: सोलर संयंत्र स्थापित करने के लिए उपलब्ध आसान ऋण (Loan) सुविधाओं के साथ-साथ उपभोक्ताओं के सभी प्रश्नों और आशंकाओं का ऑन-द-स्पॉट निराकरण किया जाएगा। जनप्रतिनिधियों का सहयोग: योजना के प्रभावी प्रचार-प्रसार के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता फैलाई जा सके। कंपनी की उपभोक्ताओं से अपील मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने क्षेत्र के सभी पात्र एवं इच्छुक बिजली उपभोक्ताओं से इन 'सेवा सेतु कैंप' का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आग्रह किया है। कंपनी के अनुसार, अपने घर की छत पर सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करके नागरिक न केवल स्वच्छ और हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने में अपना योगदान देंगे, बल्कि अपने मासिक बिजली बिलों में भी भारी बचत कर सकेंगे।