नई दिल्ली। एप्पल फैंस को हर साल सितंबर महीने में कंपनी की नई आईफोन सीरीज़ का बेसब्री से इंतजार रहता है, और इस बार भी कुछ अलग नहीं है। हालांकि इस साल की लाइनअप को लेकर एक बड़ा ट्विस्ट सामने आया है, जिसने फैंस के बीच नई उत्सुकता पैदा कर दी है। बेस मॉडल गायब, अल्ट्रा की एंट्री तमाम लीक्स और मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस साल एप्पल अपनी सीरीज़ में बेस मॉडल आईफोन 18 लॉन्च नहीं करेगी। इसकी जगह कंपनी केवल प्रो मॉडल्स पेश करेगी, जिनमें iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max शामिल हैं। इसके साथ ही लीक्स में यह भी दावा किया जा रहा है कि एप्पल इस बार iPhone Ultra भी उतार सकती है, जो कंपनी का पहला फोल्डेबल आईफोन होगा और इसमें दो स्क्रीन दी जाएंगी। रिपोर्ट्स के अनुसार बेस मॉडल आईफोन 18 को कंपनी अभी लॉन्च नहीं करेगी, बल्कि इसे अगले साल यानी 2027 की शुरुआत में उतारा जा सकता है, और इसके साथ सस्ते वेरिएंट iPhone 18e के भी जनवरी में आने की संभावना है। लॉन्च की दो संभावित तारीखें टेक वेबसाइट मैकरूमर्स की एक रिपोर्ट में आईफोन 18 प्रो और आईफोन अल्ट्रा को लेकर दो अलग-अलग संभावित शेड्यूल बताए गए हैं। पहली संभावना के मुताबिक iPhone 18 Pro, iPhone 18 Pro Max और iPhone Ultra 9 सितंबर को लॉन्च हो सकते हैं, जिसके तीन दिन बाद यानी 12 सितंबर से प्री-ऑर्डर शुरू होंगे और 18 सितंबर से इनकी बिक्री शुरू हो जाएगी। दूसरी संभावना के अनुसार इन तीनों डिवाइसेज़ की लॉन्च डेट 15 सितंबर हो सकती है, जिसके बाद 18 सितंबर से प्री-ऑर्डर और 25 सितंबर से सेल शुरू हो सकती है। दोनों ही स्थितियों में नए आईफोन की बिक्री शुक्रवार यानी वीकेंड से शुरू होने का पैटर्न बना हुआ है। iPhone 18 Pro में मिल सकते हैं ये फीचर्स लीक्स के मुताबिक आईफोन 18 प्रो को कंपनी 2 नैनोमीटर प्रोसेस पर बने Apple A20 Pro चिपसेट के साथ पेश कर सकती है। इसमें 6.3 इंच की LTPO OLED ProMotion डिस्प्ले दी जा सकती है, जिसमें 120Hz रिफ्रेश रेट और डायनामिक आईलैंड स्क्रीन मिलने की उम्मीद है। फोटोग्राफी के लिए इसमें वेरिएबल अपर्चर तकनीक वाला 48MP ट्रिपल रियर कैमरा दिया जा सकता है, जिसमें टेलीफोटो और अल्ट्रा-वाइड सेंसर शामिल होंगे। यह फोन iOS 27 और Apple के नए C2 5G मॉडम के साथ आ सकता है। iPhone 18 Pro Max की खासियतें आईफोन 18 प्रो मैक्स को भी उसी A20 Pro चिपसेट पर पेश किए जाने की उम्मीद है, जो 2 नैनोमीटर फैब्रिकेशन पर आधारित होगा। इस मॉडल में बड़ी 6.9 इंच की LTPO OLED ProMotion डायनामिक आईलैंड डिस्प्ले मिल सकती है। बैटरी बैकअप के लिहाज से इसमें 5000mAh से भी बड़ी बैटरी दी जा सकती है, साथ ही बेहतर थर्मल मैनेजमेंट के लिए वेपर चैंबर कूलिंग सिस्टम भी शामिल किया जा सकता है। कैमरा सेटअप के मामले में इसमें भी 48MP का ट्रिपल रियर कैमरा मिलने की संभावना जताई जा रही है।